केवायसी के नाम पर महिलाओं को परेशान न करे सरकार : आसिफ अली

Share This :

राजनांदगांव। चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए देने का वादा करने वाली सरकार अब अपनी बातों से मुकरती नजर आ रही है। बाल विकास विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि योजना का लाभ पाने के लिए हर महिला का केवायसी करना अनिवार्य है और इसके लिए अपने वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क करना होगा, लेकिन जब महिलाएं अपने वार्ड के आंगनबाड़ी पहुंचती हैं, तो उन्हें सर्वर की समस्या या आईडी चेकिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई वार्डों में उन्हें दूसरे वार्ड जाने को कहा जा रहा है। इससे महिलाएं अपना दैनिक कार्य छोड़कर लगातार भटक रही हैं और महतारी योजना के तहत मिलने वाली राशि अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है।
विभाग की तरफ से केवायसी की सुविधा निःशुल्क कही जा रही है, परन्तु हितग्राहियों की ओर से लगातार शिकायत की जा रही है कि चॉइस सेंटरों में उनसे केवायसी के नाम पर 50 से 100 रुपये तक वसूले जा रहे है, जिससे उन्हें दोहरी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता आसिफ अली ने सरकार पर सीधा आरोप लगाया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार की महतारी वंदन योजना विफल हो चुकी है और केवायसी के नाम पर हितग्राहियों की संख्या कम करना सरकार का असल मकसद है।
आसिफ अली ने बाल विकास विभाग से मांग की है कि हर वार्ड में शिविर लगाकर महिलाओं का केवायसी कराया जाए और किसी भी महिला की राशि रोकने का मामला न बने। साथ ही विभाग को आगे आकर फैल रही भ्रंतियो एवं अफवाहों पर रोक लगाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही वार्डो में शिविर नहीं लगाया गया, तो महिलाएं बाल विकास विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगी।