राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जनदर्शन में प्राप्त आवेदन पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शहर के बजरंगपुर-नवागांव वार्ड नंबर 1 निवासी श्रीमती पूजा चुनाकर को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ऋण प्रदान किया गया।
स्मरण रहे कि श्रीमती पूजा चुनाकर ने जनदर्शन में स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने आवेदन का परीक्षण कर पात्रता तय की और छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत शीघ्र ही 1 लाख 20 हजार रुपये उनके खाते में जमा कर दिए।
इस राशि का उपयोग कर श्रीमती पूजा ने ‘फैशन जोन’ नाम से कपड़ा दुकान खोली और स्वरोजगार की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया। श्रीमती पूजा दिव्यांग श्रेणी से संबंधित हैं। उनका यह प्रयास न केवल उनकी आत्मनिर्भरता को सशक्त कर रहा है बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।
श्रीमती पूजा ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया है।
छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत स्वसहायता समूहों एवं जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार के अवसर देने का उद्देश्य पूरा किया जा रहा है।
