म्यूल अकाउंट से ऑनलाइन ठगी करने वाला अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) का दुरुपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के बालाघाट से दबिश देकर पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 381/2025 की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) और सिम कार्ड के जरिए ऑनलाइन ठगी की रकम का लेन-देन कर रहा था। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी कृष्ण सोनकर से मिले इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बालाघाट में दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी शाहरुख खान (38), निवासी प्रिंस कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 14 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मिलन सिंह, प्रधान आरक्षक शंभूनाथ द्विवेदी और आरक्षक लीलेंद्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।