नगर निगम द्वारा संचालित पांच वाटर एटीएम फिर हुए चालू, नागरिकों को मिलेगा 1 रुपए में शुद्ध पेयजल

Share This :

राजनांदगांव। शहर के नागरिकों को मात्र 1 रुपए में एक लीटर शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा संचालित वाटर एटीएम एक बार फिर सक्रिय कर दिए गए हैं। लंबे समय से तकनीकी खराबी के चलते बंद पड़े इन एटीएम को महापौर मधुसूदन यादव एवं आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर मरम्मत कर पुनः शुरू किया गया है।
नगर निगम द्वारा पूर्व में नगर निगम कार्यालय, जिला कार्यालय, नया बस स्टैंड, चौपाटी क्षेत्र, बसंतपुर जिला चिकित्सालय एवं हाट बाजार सहित छह स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित किए गए थे। इनमें से कुछ स्थानों पर रखरखाव की कमी एवं तकनीकी खराबी के कारण मशीनें बंद हो गई थीं, जबकि हाट बाजार स्थित एटीएम से सामान चोरी होने की घटना भी सामने आई थी।
वर्तमान में गर्मी के मौसम को देखते हुए निगम प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए मरम्मत कार्य कराया, जिसके बाद नगर निगम कार्यालय, जिला कार्यालय, नया बस स्टैंड एवं चौपाटी क्षेत्र स्थित वाटर एटीएम को पुनः चालू कर दिया गया है। जिला चिकित्सालय में स्थित एटीएम को अस्पताल प्रबंधन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस तरह कुल पांच वाटर एटीएम फिलहाल सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि नागरिकों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल नियमित रूप से उपलब्ध हो, इसके लिए व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन एटीएम के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी अब महिला समूहों को देने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं सतत बनी रहे।
नगर निगम की इस पहल से गर्मी के मौसम में शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।