राजगामी संपदा न्यास की जिम्मेदारी पहली बार महिला नेत्री को, महिला मोर्चा ने आभार जताया

Share This :

राजनांदगांव। राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्षता पहली बार महिला को सौंपी गई है। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष पुष्पा गायकवाड़ ने भाजपा कार्यालय में आयोजित महिला सम्मेलन में इसे महिलाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

पुष्पा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान नहीं होता। यही वजह है कि देशभर में कांग्रेस की महिला विरोधी नीतियों की आलोचना हो रही है। भाजपा शुरू से ही महिला अधिनियम के पारित होने की पक्षधर रही है और हमें पूरा विश्वास है कि मोदी सरकार इसे लागू करके मातृशक्ति का सम्मान बढ़ाएगी।”

महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष पारुल जैन और महामंत्री मिथलेश्वरी वैष्णव ने बताया कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने महिलाओं के पक्ष में हमेशा विश्वास जताया है। हाल ही में मंडल आयोग और विभिन्न जिम्मेदारियों की नियुक्ति की गई। इसी क्रम में पूर्णिमा साहू को राजगामी संपदा न्यास का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि सुषमा जेठानी को सिंधी साहित्य अकादमी के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष पद का अवसर मिला।

पुष्पा गायकवाड़ ने कहा, “इस तरह बड़े पदों पर सामान्य पृष्ठभूमि की महिलाओं को सम्मान मिलना बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा में नए और पुराने कार्यकर्ताओं का संगठन ध्यान रखता है। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में भी किरण वैष्णव को अहम जिम्मेदारी दी गई है।”

महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पूर्णिमा साहू को न्यास का अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत का आभार व्यक्त किया।

पारुल जैन ने कहा, “इस तरह की नियुक्तियों से घरेलू और कामकाजी महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। आने वाले समय में राजनीति में मातृशक्ति अपना परचम लहराएगी।”