खनिज विभाग की अवैध उत्खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार कार्रवाई कर रहा है।

खनिज अधिकारी ने बताया कि विभाग की टीम ने ग्राम रातापायली, मेढ़ा, सिंगारपुर और अर्जुनी का निरीक्षण किया। ग्रामीणों और सरपंचों के अनुसार इन क्षेत्रों में रेत निकालने के लिए मशीन और डम्फर का उपयोग नहीं किया जा रहा है। अवैध रेत निकासी और भंडारण पर रोक लगाई गई है। निरीक्षण के दौरान कोई अवैध भंडारण, वाहन या मशीन नहीं मिली। केवल 2-3 ट्रिप रेत आवास निर्माण के लिए रखी गई थी।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में खान एवं खनिज अधिनियम के तहत अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 89 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे 23 लाख 70 हजार 800 रुपए की राशि शासकीय खजाने में जमा कराई गई। इनमें से अवैध उत्खनन के 4 प्रकरणों से 3 लाख 54 हजार 400 रुपए, अवैध परिवहन के 83 प्रकरणों से 19 लाख 47 हजार 600 रुपए और अवैध भंडारण के 2 प्रकरणों से 68 हजार 800 रुपए जमा किए गए।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 9 प्रकरणों में अवैध परिवहन के 2 लाख 14 हजार 200 रुपए अर्थदंड व समझौता राशि जमा कराई गई है। इसके अतिरिक्त 12 प्रकरणों पर कार्रवाई प्रचलन में है।

खनिज विभाग की टीम द्वारा हाल ही में निरीक्षण के दौरान कई वाहनों से अवैध रेत, मिट्टी और चूना पत्थर के परिवहन पर कार्रवाई की गई। 22 अप्रैल को जुला निवासी ओम प्रकाश साहू के वाहन और पीलू साहू के ट्रेक्टर से अवैध मिट्टी परिवहन करने पर वाहन थाना घुमका को सुपुर्द किया गया। इसी तरह 22 अप्रैल को राजनांदगांव निवासी अंकित अग्रवाल के हाईवा वाहन से अवैध चूना पत्थर परिवहन पर थाना ठेलकाडीह को सुपुर्द किया गया। 23 अप्रैल और 27 अप्रैल को भी अवैध रेत और चूना पत्थर के वाहनों पर कार्रवाई की गई और संबंधित वाहनों को थाना सुपुर्द किया गया।

खनिज अधिकारी ने बताया कि खनिज विभाग अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण रोकने के लिए लगातार गस्त और निगरानी जारी रखे हुए है।