राजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा हर रविवार को आयोजित की जाने वाली ‘मस्ती की पाठशाला’ के प्रति शहरवासियों का रुझान लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह से ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ पाठशाला में पहुंचे। यहां एक ओर जहां बच्चों ने पारंपरिक खेलों का आनंद लिया, वहीं बुजुर्गों ने सेहतमंद रहने के लिए योग का सहारा लिया। आयोजन में पहुंचे महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने भी बैडमिंटन खेलकर अपनी खेल भावना का प्रदर्शन किया और नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
सुबह ५ बजे से ही आयोजन स्थल पर रौनक बिखर गई थी। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रस्सी कूद, पिट्ठुल, रिंग टास्क, सांप-सीढ़ी, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। छोटे बच्चों के लिए लगे झूले और फिसलपट्टी का भी उन्होंने जमकर लुत्फ उठाया। बड़ी संख्या में बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर ड्राइंग शीट पर अपनी कल्पनाओं के सुंदर रंग उकेरे।
जुम्बा डांस और छत्तीसगढ़ी गीतों का रहा विशेष आकर्षण
मस्ती की पाठशाला का सबसे मुख्य और आकर्षक केंद्र जुम्बा डांस रहा। ‘रीदम रिवॉल्यूशन ग्रुप’ की अगुवाई में बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ छत्तीसगढ़ी और हिंदी गानों की थाप पर थिरकती नजर आई। इसी कड़ी में इंडियन टीवीएस कंपनी द्वारा एक विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं ने सुमधुर गीत गाकर समां बांध दिया। कंपनी की ओर से उपस्थित नागरिकों से ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछे गए और सही जवाब देने वालों सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सोच से भी बेहतर मिल रहा रिस्पॉन्स: महापौर
जनभावना के अनुरूप इसे और बेहतर बनाएंगे
महापौर मधुसूदन यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस सोच और उद्देश्य के साथ ‘मस्ती की पाठशाला’ की शुरुआत की गई थी, उसे जनता का बेहद सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है। आमतौर पर रविवार की सुबह लोग आराम करना पसंद करते हैं, लेकिन इस पाठशाला के आकर्षण के कारण बच्चे और बुजुर्ग सुबह ५ बजे से ही सपरिवार यहाँ पहुँच रहे हैं। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आगामी दिनों में इसे और अधिक बेहतर व भव्य बनाया जाएगा।
सामाजिक और खेल संगठनों का मिल रहा भरपूर सहयोग
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए शहर के सामाजिक और खेल जगत के संगठनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पाठशाला के सुचारू संचालन के लिए निगम प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग की टीमें मुस्तैद रहीं। आगामी सप्ताहों में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह वर्मा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने चित्रकला प्रतियोगिता के नन्हे विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। आयोजन को सफल बनाने में बॉडी टेक जिम, योगा ग्रुप, ब्लड डोनेट संघ, यामिनी कला केंद्र, राजनांदगांव रनर ग्रुप सहित हॉकी, कराटे और तीरंदाजी संघों का विशेष योगदान रहा।
