सुशासन तिहार 2026 : जिला प्रशासन की टीम पहुँची गोडलवाही, 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को मिला लाभ

Share This :

राजनांदगांव। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के तहत आज जिला प्रशासन का अमला जिले के छुरिया विकासखंड के अंतिम छोर वनांचल ग्राम गोडलवाही में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पहुंचा।

ग्राम पंचायत गोडलवाही में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में 15 ग्राम पंचायतों—अरजकुंड, बडगांव, बरबसपुर, गिदर्री, गोडलवाही, गुण्डरदेही, उमरवाही, कलडबरी, कांपा, करमरी, महरूम, मासुलकसा, परेवाडीह, रानामटिया और रतनभाट—के ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आवेदन प्राप्त किए और मौके पर कई समस्याओं का समाधान किया गया।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 9 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र, 15 हितग्राहियों को नया राशन कार्ड, 11 को जॉब कार्ड, 10 को पेंशन स्वीकृति और 3 को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 2 बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र, 20 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति और 11 स्वच्छता दीदियों को किट भी प्रदान की गई।

कृषि विभाग ने 4 हितग्राहियों को मूंग बीज, बिहान योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह को 6 लाख रूपए का ऋण और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 5 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरित किया। मत्स्य पालन विभाग ने युवा मछुआ महकारी समिति रतनभांट को मछली पकड़ने हेतु जाल और आईस बॉक्स दिया। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और माताओं को सुपोषण किट वितरित की गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने प्रेरित किया।

अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय ने बताया कि जिले में कुल 62 स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और आवेदन पंजीयन काउंटर में जमा किए गए सभी मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा त्रुटि सुधार सहित राजस्व संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से निपटान किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष जनपद पंचायत, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।