राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित पीपीएचटी (प्री फार्मेसी टेस्ट) प्रवेश परीक्षा 2026 गुरुवार को जिले में शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और आब्जर्वर टीम द्वारा व्यापम के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
राजनांदगांव शहर में परीक्षा के लिए कुल 3 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। इन केंद्रों में सुबह से ही परीक्षार्थियों की चहल-पहल देखी गई।
72 प्रतिशत से अधिक रही परीक्षार्थियों की उपस्थिति
इस वर्ष प्री फार्मेसी टेस्ट (PPHT) में शामिल होने के लिए जिले से कुल 745 परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। परीक्षा के दौरान कुल 538 परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों में उपस्थित रहे, जबकि 207 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस प्रकार परीक्षा में उपस्थिति का कुल प्रतिशत 72.21 रहा।
कड़े सुरक्षा मानकों के बीच समय पर बंद हुए गेट
सभी अलॉटेड परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के प्रवेश, एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के जरिए दस्तावेज सत्यापन (वेरिफिकेशन), बैठने की रोल नंबर वार व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी तमाम औपचारिकताएं पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूरी कर ली गईं। व्यापम की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समय के तुरंत बाद परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट बंद कर दिए गए, जिसके पश्चात किसी भी विलंब से पहुंचे परीक्षार्थी को भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
उड़नदस्ते और पर्यवेक्षक दल की रही पैनी नजर
परीक्षा के दौरान नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष पर्यवेक्षक दल और एफएसटी (उड़नदस्ता) टीम द्वारा सभी केंद्रों का सतत निरीक्षण किया गया। अधिकारियों की इस पैनी निगरानी के चलते पूरे परीक्षा समय में कड़ा अनुशासन देखने को मिला। जिला प्रशासन, पुलिस बल और शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों तथा बेहतर तालमेल के कारण पूरी परीक्षा बिना किसी व्यवधान के अत्यंत निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
