घूमका में नगरीय निकाय चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, निष्पक्ष मतदान के लिए चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

Share This :

राजनांदगांव। नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत सोमवार, 1 जून 2026 को घूमका में मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे, जिसके चलते मतदाताओं ने बिना किसी भय के और उत्साहजनक माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की खबर सामने नहीं आई।
यह पूरा निर्वाचन पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के सीधे पर्यवेक्षण में संपन्न कराया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों, विशेषकर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल द्वारा लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त बल तैनात कर सतत निगरानी रखी गई। चिलचिलाती धूप के बीच पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाई।
शांतिपूर्ण माहौल पाकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर नागरिकों की कतारें देखने को मिलीं। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
चुनाव के सफल और शांतिपूर्ण समापन पर राजनांदगांव पुलिस ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी मतदाताओं, निर्वाचन अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के प्रति उनके अनुकरणीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।