राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है, जहां लोग प्रशासन से अपेक्षा और विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर आते हैं। इसलिए प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए तथा आवेदनों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जनदर्शन में सीमांकन, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अर्जन से जुड़े प्रकरण, अवैध अतिक्रमण हटाने, नजूल भूमि संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा राजस्व अभिलेखों में सुधार जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं के समाधान के लिए भी लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है।
