राजनांदगांव। सुशासन तिहार 2026 के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत कुहीकला में जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुहीकला क्लस्टर की 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई प्रकरणों का तत्काल निराकरण कर राहत प्रदान की।
शिविर में कुल 1170 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1163 मांग एवं 7 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
शिविर में पंचायत, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को अभिनंदन पत्र वितरित किए गए। पात्र परिवारों को नवीन राशन कार्ड प्रदान किए गए तथा स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऋण स्वीकृति चेक सौंपे गए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं स्वच्छता किट वितरित की गई, वहीं मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गई तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शिविर में कृषि एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ग्राम पंचायत गर्रापार के किसानों को फसल चक्र परिवर्तन, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए विशेष प्रयास करने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय सिन्हा, जनपद सदस्य बालमुकुन्द कुंजाम, श्रीकांत कोराम, होरीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
