राजनांदगांव। शहर में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने मंगलवार सुबह महापौर मधुसूदन यादव एवं कलेक्टर जितेन्द्र यादव वार्डों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा वार्ड क्रमांक 42 राजीव नगर में पीलिया प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन एवं पार्षद प्रतिनिधि राजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
राजीव नगर में प्रभावित परिवारों से चर्चा के दौरान नागरिकों ने बताया कि गर्मी और बाहर के खान-पान के कारण स्वास्थ्य प्रभावित हुआ है, जबकि पानी की स्थिति सामान्य है। इस पर महापौर ने लोगों से खान-पान में सावधानी बरतने, पानी उबालकर एवं छानकर पीने की अपील की।
महापौर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वार्ड में नियमित सफाई, क्लोरीन टैबलेट का वितरण एवं जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जल प्रभारी अधिकारी को प्रतिदिन पानी की क्लोरीन जांच कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने नालियों की नियमित सफाई, कचरा उठाव, दवा छिड़काव एवं स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने जानकारी दी कि पीलिया से प्रभावित 5 मरीजों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जिनमें से 1 मरीज डिस्चार्ज हो चुका है तथा 1 का इलाज घर पर चल रहा है। विभागीय अमला क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और जल नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
इसके बाद अधिकारियों ने ऑडिटोरियम मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। महापौर ने कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि इसे विभिन्न आयोजनों के लिए पुनः उपयोग में लाया जा सके। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
इसी क्रम में गंजपारा स्थित अंग्रेजी माध्यम स्कूल के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने बताया कि पुरानी भवन की मरम्मत कर आधुनिक सुविधाओं के साथ स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर ने कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अन्य स्कूलों में भी इसी प्रकार सुधार कार्य किए जाएं।
