विधानसभा अध्यक्ष ने जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की बुनियादी अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करने के मद्देनजर डॉक्टरों से किया संवाद

Share This :

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की बुनियादी अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करने के मद्देनजर डॉक्टरों से संवाद किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ोत्तरी से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिले में जनमानस को गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रूपए की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण किया गया है तथा 2 करोड़ 86 लाख रूपए की लागत से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया है। जिससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सशक्त अधोसंरचना मिलेगी। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में जिला चिकित्सालय में पानी भरने की समस्या होती थी। जिसे दूर करने के लिए उन्नयन कार्य किया गया है। तीन फीट ऊपर होने के बाद ऊंचाई बढ़ गई है, जिससे पानी भरने की समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों एवं जीवन दीप समिति की लगातार चिंता से स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित एवं प्रतिबद्ध डॉक्टरों की टीम है। उन्होंने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। स्वास्थ्य मापदण्डों में निरंतर सुधार करते हुए अधोसंरचना को मजबूत करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, आधुनिक और प्रभावी बनाने जिला चिकित्सालय हेतु सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे एवं डेंटल एक्स-रे मशीनों उपलब्धता के लिए कहा।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय में प्रवेश करते ही एक नएपन का एहसास हुआ। बारिश के दिनों में यहां पानी भरा जाता था। जिला चिकित्सालय की ऊंचाई बढ़ाकर प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य किया गया है। जनमानस उम्मीद लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से चिकित्सा के क्षेत्र में जिले में सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हुई है, जो स्वास्थ्य के प्रति संवेदना को दर्शाती है। कैंसर स्क्रीनिंग सुरक्षा चक्र अभियान अंतर्गत मरीजों का उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्रों में अच्छा कार्य किया जा रहा है।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि शासकीय जिला चिकित्सालय, निजी चिकित्सालयों की तरह लग रहा है। जिला चिकित्सालय एवं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 1000 से अधिक ओपीडी हंै, जिसका सकारात्मक फीडबैक मिल रहा हैं। जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए बेहतरीन कार्य करें। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में कैंसर स्क्रीनिंग सुरक्षा चक्र अभियान अंतर्गत अच्छा कार्य किया गया है। मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना के लिए चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
चर्चा के दौरान डॉक्टर्स ने जिला चिकित्सालय की समस्याओं से अवगत कराया। जिसके तहत मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए जीवनदीप समिति मद से 1 नग निश्चेतना वर्क स्टेशन, 1 नग सीलिंग ओटी लाईट, 2 नग मल्टी पैरामॉनीटर एवं 1 नग वर्टिकल ऑटोक्लेव मशीन, नवीन मेजर ऑपरेशन थियेटर, बर्न यूनिट, लू-वार्ड, जीवनदीप समिति सभाकक्ष, औषधि मुख्य भण्डार कक्ष हेतु कुल 12 नग एसी, 100 बिस्तर मातृ शिशु अस्पताल में गर्भवती माताओं एवं एसएनसीयू एवं पीएनसी वार्ड में थ्री-सीटर वेटिंग चेयर, ई-ऑफिस के सुचारू संचालन एवं क्रियान्यवन हेतु 6 नग डैस्कटॉप, प्रिंटर एवं यूपीएस को क्रय करने हेतु जिलाधीश एवं अध्यक्ष जीवनदीप समिति को अनुसंशा की गई।
चर्चा में बताया किया कि 200 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय में 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल संचालित है, जहां प्रतिमाह औसतन 360 सुरक्षित प्रसव कराए जा रहे हैं। अविभाजित राजनांदगांव जिला अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वीकृत 332 पदों पर भर्ती की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। साथ ही जिले के दूरस्थ अंचल बोरतलाब हेतु नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में बाल हृदय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कर 14 बच्चों का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन किया गया है। जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, समाजसेवी गौतम पारख, जीवनदीप समिति से गुरमुख दास, राजेश श्यामकर, भागचंद, अरविंद, कांति कुमार फुले, आनंद साहू, संदीप भट्टाचार्य, श्रीमती रेखा मेश्राम, श्रीमती खेमीन यादव, अकरम कुरैशी, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पंकज लुका, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, डॉक्टर्स उपस्थित थे।