भुवनेश्वर में गूंजा छत्तीसगढ़ पर्यटन का परचम

Share This :

रोड शो में दिखी संस्कृति, पर्यटन और निवेश की अपार संभावनाएं, ओडिशा के पर्यटन उद्योग ने दिखाई गहरी रुचि

रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) । छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा फिक्की (FICCI) के सहयोग से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित मेफेयर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य पर्यटन रोड शो में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एजेंट्स, मीडिया प्रतिनिधियों तथा दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

रोड शो के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों, आध्यात्मिक स्थलों, मनमोहक जलप्रपातों, घने वनों, वन्यजीव अभ्यारण्यों और लोक कला को आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए सामने रखा गया। साथ ही राज्य में पर्यटन निवेश, नए पर्यटन उत्पादों और व्यवसायिक अवसरों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने अपने संबोधन में ओडिशा के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और होटल व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने तथा अपने पर्यटक समूहों को राज्य में लाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए निजी क्षेत्र और विभिन्न राज्यों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच संयुक्त पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया।

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारती दासन ने कहा कि राज्य सरकार सतत एवं अनुभव-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है जहां पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय जीवन, आध्यात्मिक पर्यटन और रोमांचक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नई दिल्ली, कोलकाता, वडोदरा और भोपाल में पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा ओडिशा में भी जल्द ही छत्तीसगढ़ पर्यटन कार्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ओडिशा के ट्रैवल ट्रेड पार्टनर्स को छत्तीसगढ़ के विभिन्न थीम आधारित पर्यटन सर्किटों के प्रचार-प्रसार में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।