विश्व साइकिल दिवस पर निकली फिट इंडिया रैली, खिलाड़ियों और नागरिकों ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

Share This :

राजनांदगांव। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, आईटीबीपी जवानों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित साइकिल रैली में प्रतिभागियों ने स्टेडियम परिसर और निर्धारित मार्ग पर साइकिल चलाकर फिटनेस, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाया। रैली में शामिल लोगों ने नियमित साइकिल चलाने और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, जिससे अनेक बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सेहत की डोज, आधा घंटा रोज का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है।
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि फिट इंडिया अभियान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने नागरिकों से दैनिक जीवन में साइकिलिंग को शामिल करने की अपील की।
आईटीबीपी कमांडेंट मनोज बहुगुणा ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली और नियमित व्यायाम ही स्वस्थ जीवन का आधार हैं। साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने कहा कि फिट इंडिया अभियान ने देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में अहम योगदान दिया है और बड़ी संख्या में लोग इससे प्रेरित होकर नियमित व्यायाम तथा साइकिलिंग को अपना रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व नगर निगम अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पार्षद सुनील साहू, अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रेखा पदम, सब इंस्पेक्टर पीटीएस अनीता साहू, अंतर्राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी शबनम अंसारी, आबिद बेग, ममता गुप्ता, अनुराज श्रीवास्तव, अशोक सेन, अजय लोहार, मुरली भारद्वाज, ऋषि मेश्राम, राहुल साहू, संध्या पदम, शकील अहमद, परमजीत सिंह, राजेश निर्मलकर, तरण सिंह, दिव्या धारावत, सुखदेव राउत, अर्चना चौधरी, कृष्णा यादव, प्रियंका चौराया, वीर सिंह, रूपेंद्र साहू, दिलीप कछम, कलाराम साहू, संतु मरकाम, वीरेंद्र सिन्हा, लेखराम देवांगन, जय हिंद निषाद, कुमारू राम पटेल सहित विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ीए प्रशिक्षकए पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।
आयोजन के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा और प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।