राजनांदगांव। शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त रोकने के उद्देश्य से सिटी कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी दुकानों में आकस्मिक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न कबाड़ी दुकानों और गोदामों का निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत ममता नगर स्थित रफीक कबाड़ी, भरकापारा के मुन्ना कबाड़ी, पुराना गंज चौक स्थित गनी कबाड़ी एवं गोदाम, कन्हारपुरी खैरा रोड के सलीम कबाड़ी तथा लखोली नाका के अरुण कबाड़ी की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान किसी भी दुकान से चोरी या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने सभी कबाड़ी संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे चोरी का लोहा या अन्य संदिग्ध सामग्री खरीदने से बचें। साथ ही यदि कोई व्यक्ति चोरी का सामान बेचने के लिए दुकान पर आता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार मालेकर, आरक्षक राजेश साहू, अश्वनी ठाकुर एवं पूरन वर्मा की सक्रिय भूमिका रही।
