राजनांदगांव। जी.ई. रोड फ्लाईओवर के नीचे स्वच्छता बनाए रखने और शहर को व्यवस्थित रूप देने के लिए नगर निगम ने आज अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया। फ्लाईओवर के नीचे अनाधिकृत रूप से ठेला-खोमचा लगाने वालों के कारण जहां एक ओर गंदगी फैल रही थी, वहीं आगामी बारिश के मौसम में नालियों के चोक होने और जलभराव की स्थिति निर्मित होने की आशंका गहरा गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम के अतिक्रमण विरोधी अमले ने शनिवार को ठाकुर प्यारेलाल स्कूल के पास फ्लाईओवर के नीचे ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए।
जेसीबी और टिप्पर लेकर पहुंचा अमला
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के सख्त निर्देश पर उप अभियंता तिलकराज ध्रुव, मोनेन्द्र साठिया, सहायक उद्यान प्रभारी दिलीप गिरी, समयपाल चिराग मेश्राम, प्रभारी पटवारी मिलिन्द रेड्डी व गणेश झा सहित भारी संख्या में निगम का दस्ता जेसीबी और टिप्पर के साथ मौके पर पहुंचा। टीम को देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान ठाकुर प्यारेलाल स्कूल के सामने फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से संचालित ६ ठेले-खोमचे और दुकानों को हटाया व जब्त किया गया। इस दौरान निगम की सख्ती को भांपते हुए कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान और ठेला समेटना शुरू कर दिया।
लगातार जारी रहेगा अभियान : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शहरवासियों और व्यवसायियों से अपील की है कि जिन लोगों ने भी फ्लाईओवर के नीचे अपने वाहन खड़े किए हैं या अनाधिकृत रूप से ठेला-खोमचा व अन्य सामग्रियां रखी हैं, वे उन्हें तत्काल स्वयं हटा लें। फ्लाईओवर के नीचे साफ-सुथरा और व्यवस्थित माहौल तैयार करना बेहद जरूरी है। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
