चारभाटा में सिलाई मशीन प्रशिक्षण का समापन, 30 महिलाओं को मिले प्रमाण-पत्र

Share This :

खैरागढ़। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत चारभाटा में आयोजित सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। राशि वेलफेयर सोसाइटी, राजनांदगांव द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में गांव की लगभग 25 से 30 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सिलाई-कढ़ाई के हुनर सीखे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य (क्षेत्र क्रमांक-10) श्रीमती भुनेश्वरी देवांगन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप सरपंच गुलाब साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण पूरा करने वाली सभी महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती भुनेश्वरी देवांगन ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सिलाई सीखने से महिलाएं घर बैठे ही आर्थिक उपार्जन कर अपने परिवार को संबल प्रदान कर सकती हैं।
राशि वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष संतोषी साहू ने बताया कि उनकी संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना है। वहीं, संस्था के सचिव तरुण पटेल ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी महिलाओं के हित और उनके कौशल उन्नयन के लिए इस तरह के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं ने राशि वेलफेयर सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शिविर से उन्हें न सिर्फ सिलाई का हुनर सीखने को मिला, बल्कि अब वे खुद का काम शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित हुई हैं।
इस गरिमामयी समापन समारोह में संस्था की सदस्य श्रीमती गायत्री साहू, श्रीमती क्षमा साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण जन और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।