वार्डों के निरीक्षण पर निकले महापौर : कंचन बाग और राहुल नगर की जनता से हुए रूबरू, पेयजल संकट दूर करने के निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। शहर के नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए महापौर मधुसूदन यादव लगातार मैदानी मोर्चा संभाले हुए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह महापौर ने वार्ड क्रमांक 30, 31 और 32 के कंचन बाग, जनता कॉलोनी तथा राहुल नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर पानी, सफाई व सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याएं सुनीं और राहुल नगर में पेयजल संकट को तत्काल दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जलभराव से मुक्ति के लिए बनेगी नाली, स्वीकृत हुआ सामुदायिक भवन
निरीक्षण के दौरान कंचन बाग बांस टाल के पास बारिश का पानी जमा होने की समस्या सामने आई, जिस पर महापौर ने तुरंत पीसीसी रोड निर्माण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने केशर नगर अटल आवास एवं जनता कॉलोनी में सुव्यवस्थित नाली निर्माण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। वार्डवासियों और स्थानीय पार्षदों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए महापौर यादव ने मौके पर ही महापौर निधि से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की।

पेयजल और जल निकासी व्यवस्था सुधरने के दिए निर्देश
राहुल नगर के रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र के आधे हिस्से में अब अच्छे प्रेशर के साथ पानी मिल रहा है, जिसके लिए उन्होंने महापौर का आभार जताया। साथ ही शेष बचे हिस्से में भी जल्द काम पूरा करने का आग्रह किया। महापौर ने इस पर त्वरित एक्शन लेते हुए मदरसा रोड एवं गौरा चौरा के पास नई पाइप लाइन से कनेक्शन जोड़ने के निर्देश दिए। इसके अलावा कंचन बाग क्षेत्र से आने वाले बरसाती पानी की निकासी के लिए राहुल नगर में एक बड़ा नाला निर्माण करने हेतु प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने को कहा।

स्वच्छता बनाए रखने की अपील, ये रहे उपस्थित
महापौर ने केशर नगर अटल आवास का भी सघन निरीक्षण किया। उन्होंने रहवासियों से बातचीत कर अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा घरों से निकलने वाला गीला व सूखा कचरा केवल स्वच्छता दीदीयों को ही देने की समझाइश दी।

इस अवसर पर पार्षद गिरिजा निर्मलकर, चंद्रशेखर लश्करे, रीना सिन्हा, पूर्व पार्षद विट्ठल पटेल, पार्षद प्रतिनिधि संतोष निर्मलकर, विजय सिन्हा सहित स्थानीय नागरिक सूर्यकांत गुप्ता, नरेश रामटेके, अरुण मरकाम, मनसुख यादव और नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।