सोलर दीदियों से मिले जिला पंचायत सीईओ, पदुमतरा में एनआरएलएम गतिविधियों का लिया जायजा

Share This :

राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने शनिवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पदुमतरा पहुंचकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित मॉडल संकुल संगठन एवं सामुदायिक प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लखपति दीदियों, कैडर और संकुल पदाधिकारियों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से स्वयं सहायता समूहों की 60 महिलाओं को नौ दिवसीय सोलर दीदी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीईओ ने प्रशिक्षण एवं संकुल संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके बाद दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने स्टेट हाई स्कूल पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सोलर दीदियों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक घरों में सोलर सिस्टम स्थापित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि ग्रामीणों को योजना का अधिकाधिक लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं ग्रामीण विकास और ऊर्जा स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। जिला प्रशासन भी उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।