राजनांदगांव। पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से शहर को बचाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रतिबंधित प्लास्टिक के क्रय-विक्रय और उपयोग के खिलाफ निगम प्रशासन की टीम ने अभियान चलाकर बड़ी कार्यवाही की है। गुड़ाखू लाइन और फल मार्केट क्षेत्र में चलाए गए इस जांच अभियान में 9 व्यवसायियों से 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूल कर 1 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई।
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर स्वास्थ्य अमले ने बाजार क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए गए अनाज, चना और फल विक्रेताओं पर सख्त रुख अपनाया गया। कार्यवाही के तहत 1 अनाज दुकान, 3 चना दुकानों और 5 फल विक्रेताओं पर 200 से 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा।
प्लास्टिक स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कहा कि प्लास्टिक का निरंतर उपयोग पर्यावरण के साथ-साथ मानव जीवन और जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य पर सीधा असर डाल रहा है। निगम का स्वास्थ्य अमला व्यापारियों को लगातार समझाइश दे रहा है, लेकिन चेतावनी के बाद भी प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जा रही है।
व्यापारियों और आम जनता से अपील
व्यापारियों से: अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी स्थिति में सिंगल यूज प्लास्टिक का विक्रय या उपयोग न करें।
आम नागरिकों से: बाजार जाते समय अनिवार्य रूप से कपड़े के थैले का उपयोग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।
