कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई : 25 कृषि केंद्रों पर दबिश, 20 को कारण बताओ नोटिस और 5 दुकानों में जब्ती की कार्रवाई

Share This :

राजनांदगांव। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा अमानक व अवैध कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश एवं उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विभागीय टीमों ने एक साथ 25 कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों में दबिश देकर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 20 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, वहीं 5 दुकानों में जब्ती एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विक्रेताओं के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, उपलब्ध कीटनाशकों के भंडारण तथा बिक्री अभिलेखों की गहन जांच की। कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं कीटनाशी नियम 1971 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर यह सख्त कदम उठाया गया है।

इन प्रतिष्ठानों को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस

जांच टीम ने दुर्गा कृषि केंद्र डुमरडीह, सिन्हा कृषि केंद्र तिलई, छत्तीसगढ़ कृषि केंद्र लखोली नाका, महावीर ट्रेडर्स बसंतपुर, सोनकर कृषि केंद्र व भारत कृषि केंद्र (पुराना गंज चौक), प्रजापति कृषि सेवा केंद्र कोकपुर, शिवम कृषि केंद्र मोहड़, हरिओम कृषि केंद्र अरसीटोला, साहू, आरू व लक्ष्मी कृषि केंद्र छुरिया, सिन्हा कृषि केंद्र धुसेरा, हरिओम कृषि केंद्र मुसराकला तथा पूरन एग्रोटेक ढारा सहित 20 दुकानों को नोटिस थमाया है।

यहाँ हुई जब्ती-सुपुर्दगी की कार्रवाई

नियमों की अनदेखी करने पर श्री कृषि केंद्र कुम्हालोरी, शिवशक्ति कृषि केंद्र सुरगी, साहू कृषि केंद्र उपरवाह, छत्तीसगढ़ कृषि केंद्र सिंगारपुर एवं साहू कृषि केंद्र कोकपुर में नियमानुसार जब्ती व सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई।

लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई : उप संचालक

उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। बिना निर्धारित प्रक्रिया के बिक्री, स्टॉक संधारण में गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में उर्वरक व कीटनाशक विक्रेताओं की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।