शहर के विकास और सौंदर्यीकरण में जुटा नगर निगम, मूलभूत सुविधाओं को किया जा रहा दुरुस्त

Share This :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, सुगम आवागमन और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बारिश के दौरान उत्पन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ ही पाइपलाइन मरम्मत, सड़क सुधार, अतिक्रमण नियंत्रण और उद्यानों के जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पेचवर्क जारी, पानी सप्लाई सुधरी
कमला कॉलेज रोड में कौरिनभाठा तालाब के पास लीकेज सुधारने के बाद खोदे गए गड्ढे को समतल किया जा रहा है। निजी कंपनी द्वारा केबल बिछाने से पटरी पार क्षेत्र के कुछ वार्डों में मटमैले पानी की शिकायत आई थी, जिसे दुरुस्त कर लिया गया है। महापौर के निर्देशानुसार, गणेश पर्व से पहले शहर की सड़कों के पेचवर्क का काम तेजी से किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी की सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है।

प्रतिमा स्थलों व उद्यानों का जीर्णोद्धार
शहर के चौराहों में स्थापित पुरानी प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण की कड़ी में सबसे पहले रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थल का जीर्णोद्धार पूर्ण किया गया है। अन्य प्रतिमा स्थलों का भी चरणबद्ध तरीके से सुधार होगा। इसके अलावा, पुराने उद्यानों की स्थिति सुधारने के लिए इस वित्तीय वर्ष के बजट में प्रावधान रखा गया है, जिस पर काम शुरू हो रहा है।

मवेशियों को पकड़ने 18 कर्मचारियों की टीम तैनात
सड़कों पर आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निगम के 18 कर्मचारियों की टीम दिन-रात अभियान चला रही है। पकड़े गए मवेशियों को कांजी हाउस भेजा जा रहा है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए और बड़े कांजी हाउस हेतु जमीन की तलाश की जा रही है। साथ ही, सार्वजनिक मार्गों को दुरुस्त रखने और जल निकासी व्यवस्था बेहतर करने के लिए अतिक्रमण हटाओ दस्ता लगातार कार्रवाई कर रहा है।