राजनांदगांव। शासकीय प्राथमिक शाला खपरीकला में बारिश के दौरान लगातार हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर एनएसयूआई ने शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत खपरीकला के उपसरपंच उज्ज्वल निर्मलकर के नेतृत्व में सौंपा गया।
उज्ज्वल निर्मलकर ने बताया कि भारी बारिश होने पर स्कूल का पूरा परिसर पानी से भर जाता है। इसके कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के साथ परिसर में आवाजाही करने में परेशानी होती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव नेहा वैष्णव ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराना शासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। स्कूल परिसर में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभाग को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बच्चों को होने वाली परेशानी को देखते हुए जल निकासी की व्यवस्था जल्द की जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा और समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
इस अवसर पर एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष मोनू मांडवी, लोमश, सुमित साहू, पुन्ननंद चंद्रवंशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
