कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के दूर-दराज के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने अपनी व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि जनदर्शन आम जनता की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। लोग बड़ी उम्मीद और विश्वास के साथ प्रशासन के पास आते हैं, इसलिए प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाए और प्रकरणों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

पेंशन, आवास और राजस्व से जुड़े मामले आए सामने
जनदर्शन में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अर्जन, अवैध अतिक्रमण हटाने, नजूल भूमि संबंधी प्रकरणों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा राजस्व अभिलेखों में दुरुस्ती से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनदर्शन के आवेदनों को प्राथमिकता में रखते हुए समय-सीमा के भीतर वैधानिक कार्रवाई करें और इसकी सूचना संबंधित आवेदकों को भी दें।