पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने महापौर ने ली संयुक्त बैठक : कंचनबाग-मोतीपुर की टंकियां पूरी नहीं भरने से गहराया संकट, फिल्टर प्लांट के लिए बनेगा अलग फीडर

Share This :

राजनांदगांव। बारिश के दौरान बार-बार बिजली गुल होने से शहर में गहराए पेयजल संकट को दूर करने के लिए नगर निगम और विद्युत मंडल के अधिकारी अब मिलकर काम करेंगे। महापौर मधुसूदन यादव ने अपने कक्ष में नगर निगम, विद्युत मंडल के तकनीकी अधिकारियों और फिल्टर प्लांट संचालकों की संयुक्त बैठक लेकर व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

बिजली बंद होने से नहीं भर पा रहीं टंकियां
बैठक में महापौर ने कहा कि कंचनबाग और मोतीपुर क्षेत्र में कम पानी आने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। पड़ताल में सामने आया कि बिजली बार-बार बंद होने से टंकियां पूरी तरह नहीं भर पाती हैं। इस पर विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता फ्लोरा ने बताया कि अत्यधिक बारिश और फीडर की समस्या के कारण ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्टर प्लांट के लिए अलग फीडर से विद्युत कनेक्शन जोड़ने की कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिससे प्लांट में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी।

गंज चौक के पास शिफ्ट होगा ट्रांसफॉर्मर
जलापूर्ति में सुधार के लिए महापौर ने अलग फीडर का काम जल्द पूरा करने और गंज चौक कॉम्प्लेक्स के पास ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग के लिए संयुक्त दौरा कर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गंदे पानी की शिकायत: 17 एमएलडी फिल्टर बेड की मरम्मत अंतिम चरण में
वार्डों में गंदे पानी की समस्या पर अधिकारियों ने बताया कि 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट के फिल्टर बेड की मरम्मत का काम अंतिम दौर में है और नया फिल्टर मीडिया भी मंगा लिया गया है। महापौर ने निर्देश दिए कि:

फिटकरी और क्लोरीन का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए।

तीनों पालियों में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो।

टैंकर से पानी सप्लाई वाले क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार, इंटर-कनेक्शन व टंकी लगाकर स्थाई समाधान की कार्ययोजना बने।

निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स की दुकानों की नीलामी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
महापौर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ कार्यों को तुरंत शुरू कराने और निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के नक्शे के आधार पर दुकानों का साइज व दर तय कर राजस्व विभाग को देने के निर्देश दिए, ताकि नीलामी प्रक्रिया शुरू हो सके। इसके अलावा आंगनबाड़ी मरम्मत, सांसद व विधायक निधि के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।

कॉलोनियों में लगेंगे सूर्य घर योजना के शिविर: निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ देने के लिए कॉलोनियों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें विद्युत मंडल के अधिकारी भी मौजूद रहकर नागरिकों को प्रक्रिया की जानकारी देंगे।