राजनांदगांव। गंज मंडी परिसर स्थित एक सूनी दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को बसंतपुर पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को दबोचकर उनके पास से चोरी गए वेल्डिंग मशीन व कटर बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कुंआ चौक नंदई निवासी प्रार्थी पियुष सोनकर ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गंज मंडी परिसर स्थित उसकी दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने एक वेल्डिंग मशीन, दो ग्लाइंडर कटर मशीन और केबल वायर (कुल कीमती लगभग 16 हजार रुपये) पार कर दिए हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ में आए आरोपी
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान कर बसंतपुर निवासी हेमंत उर्फ सूरज यादव (29 वर्ष) और महेश उर्फ लक्की यादव (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
आदतन बदमाश है मुख्य आरोपी
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हेमंत उर्फ सूरज यादव आदतन बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के मामले दर्ज हैं।
न्यायालय से भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन एवं आरक्षक कुश बघेल की सराहनीय भूमिका रही।
