राजनांदगांव। रक्षाबंधन सहित आगामी गणेश पर्व और जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने चिखली पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। इसी अभियान के तहत विवाद कर शांति भंग करने वाले युवक ओमन साहू (24) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त शिकायत और वाद-विवाद कर शांति भंग करने की स्थिति को देखते हुए चिखली दीनदयाल कॉलोनी निवासी ओमन साहू के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के बाद युवक को माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, महिला प्रधान आरक्षक वंदना पटेल, आरक्षक सुनील बैरागी, गोपाल पैकरा सहित चौकी चिखली के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
