आगामी त्योहारों के मद्देनजर बोरतलाव पुलिस की सख्ती : ढाबा और चखना सेंटरों में शराब पिलाई तो होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

Share This :

राजनांदगांव। आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अति. पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के निर्देशों के परिपालन में 29 अगस्त को थाना बोरतलाव परिसर में क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों और चखना सेंटर दुकानदारों की अहम बैठक ली गई।

ढाबों में CCTV अनिवार्य, देर रात तक दुकान खोलने पर पाबंदी
बैठक के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालकों को साफ लहजे में हिदायत दी कि अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी व्यक्ति को शराब पिलाने या शराब पीने के लिए स्थान व सुविधा उपलब्ध न कराएं। उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सभी ढाबों और चखना सेंटरों में अनिवार्य रूप से चालू हालत में CCTV कैमरे लगाने तथा देर रात तक दुकानें खुली न रखने के कड़े निर्देश दिए गए।

असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से कहा कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी तरह की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधियों की जानकारी तुरंत बोरतलाव थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सभी व्यवसायियों से सहयोग की अपील की है।