तुमड़ीबोड़ पुलिस ने होटल, ढाबा एवं लॉज संचालकों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। आगामी त्यौहारी सीजन के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तुमड़ीबोड़ पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में 29 अगस्त को पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में क्षेत्र के होटल, ढाबा और लॉज संचालकों की बैठक आयोजित की गई।

अवैध शराब बिक्री और अनियंत्रित पार्किंग पर चेतावनी
बैठक के दौरान पुलिस ने संचालकों को किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त न होने की स्पष्ट हिदायत दी। ढाबों में अवैध रूप से शराब बेचने या लोगों को शराब पीने के लिए स्थान व सुविधा उपलब्ध कराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके अलावा सड़कों पर वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग न होने देने और आवारा मवेशियों को मुख्य मार्गों पर आने से रोकने के प्रबंध करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो और हादसों पर रोक लगाई जा सके।

CCTV लगाने और संदिग्धों की सूचना देने के निर्देश
पुलिस ने सभी प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से चालू हालत में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही संचालकों से कहा गया कि वे अपने परिसरों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें और किसी भी तरह की संदिग्ध सूचना तत्काल पुलिस को दें। तुमड़ीबोड़ पुलिस ने संचालकों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।