राजनांदगांव। बारिश के मौसम में सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों के कारण लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से गौवंश को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
विशेष रूप से बारिश के दौरान सड़कें गीली होने और रात के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस की टीमें लगातार शहर के प्रमुख स्थानों और ब्लैक स्पॉट्स को चिह्नित कर सड़कों से मवेशियों को हटाने में जुटी हुई हैं।
गति नियंत्रण के लिए शहर के मध्य लगाए गए स्टॉपर्स
सड़क सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के मध्य तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर आवश्यकतानुसार स्टॉपर्स लगाए गए हैं। स्टॉपर्स लगाए जाने से तेज रफ्तार वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा, जिससे संभावित सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
पुलिस की अपील: बारिश व रात में बरतें अतिरिक्त सावधानी
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान तथा रात्रि में वाहन अत्यंत सावधानीपूर्वक और धीमी गति से चलाएं। सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर तत्काल वाहन की गति नियंत्रित करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
