थाना छुरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई : नौकरी का झांसा देकर 4 साल तक देह शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share This :

छुरिया। वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवती से धोखाधड़ी और विगत 4 वर्षों तक लगातार शारीरिक शोषण करने वाले शातिर आरोपी को छुरिया पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वन रक्षक पद पर भर्ती का दिया था झांसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 04 सीताबर्डी पठान पारा (छुरिया) निवासी आरोपी मोहम्मद सफदर खान (48 वर्ष) ने पीड़िता को वन रक्षक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में आरोपी ने पीड़िता के प्रवेश पत्र के साथ उसके पिता से 43 हजार रुपये भी ऐंठ लिए थे।

घर बुलाकर किया दुष्कर्म, कार में भी दी धमकी

एक दिन जब आरोपी घर में अकेला था, तब उसने फोन कर युवती को अपने घर बुलाया। पीड़िता के पहुंचते ही आरोपी ने जबरन उसका हाथ खींचकर कमरे में बंद कर दिया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी लगातार पीड़िता को डरा-धमकाकर और बदनाम करने की धमकी देकर अपनी कार में भी दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता के विरोध करने पर वह गाली-गलौज पर आमादा हो जाता था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना छुरिया (अपराध क्र. 163/2026) की टीम ने त्वरित कदम उठाया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराग सोनवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 सितंबर को शाम 7:15 बजे आरोपी मोहम्मद सफदर खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एएसआई उदय सिंह चंदेल, महिला प्रधान आरक्षक धनसीर भुआर्य, महिला आरक्षक सेलिया नेताम एवं आरक्षक छन्नू लाल खुंटे की सराहनीय भूमिका रही।