त्योहारों में उत्सव के साथ अनुशासन भी जरूरी, डीजे संचालकों को राजनांदगांव पुलिस के सख्त निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने पहल की है। पुलिस अधिकारियों ने शहर के जन संवाद कक्ष में डीजे संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण नियमों का कड़ाई से पालन करने की सख्त हिदायत दी।

संवेदनशील इलाकों और रात्रि में तेज आवाज पर पाबंदी

बैठक में पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य शांत/संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज में डीजे का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। संचालकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर ही रखने और अनावश्यक रूप से अधिक संख्या में डीजे बॉक्स/स्पीकर न लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार रात्रि 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन पर रोक का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।

उल्लंघन पर होगी कड़ी वैधानिक कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्यौहार आस्था, उमंग और भाईचारे का प्रतीक हैं। उत्सव मनाते समय दूसरों की शांति, स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे संचालक व आयोजक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बनी सहमति

आईजी अजय यादव एवं एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में एएसपी कीर्तन राठौर तथा सीएसपी वैशाली जैन ने यह बैठक ली। इसमें शहर के 50 से अधिक डीजे संचालक शामिल हुए। सभी संचालकों ने निर्धारित समय, अनुमति और ध्वनि सीमा का पालन करने पर अपनी सहमति जताई।