राजनांदगांव। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस और डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा) के संचालक द्वारा किराए के मकान में छिपाकर रखे गए 4000 लीटर अवैध डीजल को जब्त किया है। हालांकि, आरोपी ढाबा संचालक पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
किराए के मकान में सिंटेक्स और प्लास्टिक टैंकों में छिपाया था डीजल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटेकोहरा बैरियर के पास स्थित यूपी प्रतापगढ़ ढाबा का संचालक अतीक खान उर्फ जुम्मन खान ग्राम नारायणगढ़ में देवनारायण साहू के मकान को किराए पर लेकर अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर रहा है। आरोपी बाहर से शटर में ताला बंद रखता था और आने-जाने वाले ट्रक ड्राइवरों को अवैध रूप से डीजल बेचकर मुनाफा कमा रहा था।
ताला तोड़कर पुलिस ने की जब्ती, आरोपी की तलाश जारी
सूचना मिलते ही एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में स्पेशल टीम और चिचोला पुलिस ने नारायणगढ़ स्थित किराए के मकान पर दबिश दी। आरोपी मौके पर ताला लगाकर फरार हो चुका था। पुलिस ने गवाहों के समक्ष पंचनामा तैयार कर ताला तोड़ा, जहां अंदर प्लास्टिक के सिंटेक्स और टैंकों में रखा 4000 लीटर डीजल (कीमत लगभग 4,12,000 रुपये) बरामद हुआ।
पुलिस ने डीजल जब्त कर आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
