प्रधानमंत्री के जन्मदिन को कांग्रेस ने बताया ‘बेरोजगारी, महंगाई और वादाखिलाफी दिवस’, मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर उठाए सवाल

Share This :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विफलताओं, वादाखिलाफी, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता का कार्यकाल बताते हुए सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी, राजनांदगांव की संयुक्त पत्रकारवार्ता गुरुवार को प्रेस क्लब भवन में आयोजित की गई। इसमें शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने बारी-बारी से केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और चुनावी वादों को लेकर कांग्रेस का पक्ष रखा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को भाजपा द्वारा सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है, लेकिन देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है। ऐसे में कांग्रेस ने इस दिन को ‘बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस और किसान धोखा दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

मोदी सरकार के वादों और उपलब्धियों पर कांग्रेस ने मांगा हिसाब

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने से पहले देश की जनता से अनेक बड़े वादे किए थे। हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने, महंगाई कम करने, किसानों की आय दोगुनी करने और प्रत्येक परिवार के जीवन स्तर में सुधार लाने के दावे किए गए थे। आज 12 वर्षों के कार्यकाल के बाद जनता इन वादों का हिसाब मांग रही है।

उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई गंभीर मुद्दे बने हुए हैं। सरकार को यह बताना चाहिए कि नोटबंदी से कालेधन और आतंकवाद पर अंकुश लगाने के दावों का क्या हुआ। जीएसटी से छोटे एवं मध्यम कारोबारियों को हुए नुकसान और देश की आर्थिक स्थिति पर भी केंद्र को जवाब देना चाहिए।

0 छत्तीसगढ़ की जनता से किए वादों को लेकर विपिन यादव ने घेरा

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता से प्रधानमंत्री की गारंटी के नाम पर अनेक वादे किए थे, लेकिन अब जनता उन वादों का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था। बेरोजगार युवाओं को रोजगार और विद्यार्थियों को सुविधाएं देने के दावे किए गए थे, लेकिन इन वादों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान करने और प्रत्येक गांव में नगद भुगतान केंद्र खोलने का वादा किया था। कांग्रेस यह जानना चाहती है कि इन घोषणाओं को पूरी तरह लागू क्यों नहीं किया गया।

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दे लगातार बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अच्छे दिन, रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और मजबूत अर्थव्यवस्था के वादे किए थे, लेकिन आज जनता सरकार से इन वादों की प्रगति का हिसाब मांग रही है।

कांग्रेस ने पूछे सरकार से 43 सवाल

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस की ओर से जारी दस्तावेज में केंद्र सरकार के कार्यकाल को लेकर 43 सवाल उठाए गए हैं। इनमें रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, नोटबंदी, जीएसटी, स्मार्ट सिटी योजना, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विदेशों में जमा काला धन और सरकारी संपत्तियों के निजीकरण सहित विभिन्न मुद्दे शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश को सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ उसके वादों और कार्यों का भी मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और केंद्र सरकार से जवाब मांगती रहेगी।
पत्रकारवार्ता में पद्म कोठारी, भागवत साहू, रमेश डाकलिया, कुतबुद्दीन सोलंकी, अशोक पंजवानी, पंकज बांधव, लक्ष्मण साहू, अशोक फड़नवीस, अनीस खान और केदार यादव सहित शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कांग्रेसजन उपस्थित रहे।