राजनांदगांव। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में 20 विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य कैडर में 268 रिक्त पदों की पदस्थापना के लिए काउंसलिंग का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य विभाग में इन नवनियुक्त कर्मचारियों की पदस्थापना से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों सहित पूरे जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया है। काउंसलिंग के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों को निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी।
आयोजन में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (राजनांदगांव) डॉ. नेतराम नवरतन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (केसीजी) डॉ. आशीष शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र प्रसाद, डॉ. एस.आर. कोवाची, डॉ. बी.एल. तुलावी, डॉ. अल्पना लूनिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार, जिला एचआर मैनेजर मनीष साहू, हरीश वैष्णव, प्रदीप कुमार पटौती, अखिलेश नारायण सिंह, कौशल किशोर शर्मा और डीपीएम डॉ. सोनल ध्रुव सहित विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
