सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर आम जनता में दहशत फैलाने वाले एक असामाजिक तत्व को बसंतपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि मोहारा बाईपास के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सागरपारा निवासी राकेश पटेल (32 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू जब्त कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश पटेल के खिलाफ थाना बसंतपुर में पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब, सट्टा और गुंडागर्दी करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक हीरामणी, आरक्षक अतहर अली, जामिन्द्र वर्मा सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।