राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा वर्ष 2025 में आयोजित गणेश पर्व प्रतियोगिता के विजेता समितियों को सम्मानित करने के लिए नगर निगम टाउन हॉल में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव ने निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, आयुक्त जी.आर. मरकाम और पार्षदों की उपस्थिति में चयनित गणेश समितियों को पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि संस्कारधानी राजनांदगांव अपनी ऐतिहासिक हॉकी और झांकी की परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद इसकी गरिमा और व्यापकता में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष से गणेश पर्व की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी। इसके तहत सर्वश्रेष्ठ गणेश प्रतिमा की पुरस्कार राशि तीन गुना से अधिक बढ़ाई जाएगी, वहीं विसर्जन झांकी के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि में लगभग 10-10 हजार रुपये का इजाफा होगा।
झांकी व प्रतिमा प्रतियोगिता के विजेता:
सर्वश्रेष्ठ गणेश प्रतिमा:
प्रथम: श्री पाटीदार गणेश उत्सव समिति (जी.ई. रोड) – ₹6,000
द्वितीय: मित्र मंडल गणेश उत्सव समिति (सदर बाजार) – ₹4,000
तृतीय: लालबाग गणेश उत्सव समिति (दुर्गा मंदिर परिसर) – ₹3,000
विसर्जन झांकी (अ वर्ग):
प्रथम: बाल समाज गणेश उत्सव समिति (गंज लाइन) – ₹41,000
द्वितीय: अष्ट विनायक मंडल (रामाधीन मार्ग) – ₹21,000
तृतीय: बस स्टैंड गणेश उत्सव समिति (पुराना बस स्टैंड) – ₹11,000
विसर्जन झांकी (ब वर्ग):
प्रथम: महावीर मंडल (सदर बाजार) – ₹31,000
द्वितीय: तिरंगा मंडल (अशोक स्तंभ/कमल टॉकीज चौक) – ₹18,000
तृतीय: सिद्धि विनायक गणेश उत्सव समिति (हलवाई लाइन) – ₹10,000
समितियों द्वारा दिए गए सुझावों पर महापौर ने आश्वस्त किया कि अगले वर्ष गणेश पर्व से पूर्व समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य संजीव कुमार मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन आयुक्त जी.आर. मरकाम ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्षद, नामांकित पार्षद और गणेश समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
