गणेश विसर्जन पर राजनांदगांव में पुलिस का अभेद्य सुरक्षा घेरा : 800 जवान तैनात, 4 ड्रोन व 10 मचानों से होगी निगरानी

Share This :

राजनांदगांव। गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने अभेद्य व बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिला बल तथा मुख्यालय से प्राप्त अतिरिक्त बल मिलाकर लगभग 800 पुलिस जवानों को मैदानी ड्यूटी पर तैनात किया गया है। विसर्जन मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों और बाहरी रास्तों पर जमीनी पुलिस बल के साथ-साथ 4 ड्रोन कैमरों और 10 निगरानी मचानों के जरिए चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है।

असामाजिक तत्वों व संदिग्धों पर सख्त नजर

विसर्जन के दौरान चाकूबाजी, जेबकतरी, चेन स्नेचिंग और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष एंटी-क्राइम व सादे लिबास में पुलिस दस्ते तैनात किए गए हैं। जेल से हाल ही में रिहा हुए व्यक्तियों और संदिग्धों की निगरानी के लिए पिछले 10 दिनों से एक पृथक दल सक्रिय है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, लॉज, होटल एवं ढाबों की भी गहन जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (QRT) और अतिरिक्त पुलिस बल को रणनीतिक स्थानों पर अलर्ट मोड पर रखा गया है।

‘वन कॉप-वन पंडाल’ व्यवस्था और झांकी प्रबंधन

पुराने शहर के घने व संकरे मार्गों को ध्यान में रखते हुए झांकियों के सुचारु संचालन के लिए विशेष योजना बनाई गई है। “One Cop–One Pandal” व्यवस्था के तहत हर गणेश पंडाल व समिति के साथ एक पुलिसकर्मी को सीधे समन्वय के लिए तैनात किया गया है। झांकियों के साथ 5-5 वॉलिंटियर्स और पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे झांकियों के बीच निश्चित दूरी बनी रहे और मार्ग अवरुद्ध न हो।

यातायात डायवर्जन और डीजे नियमों का कड़ाई से पालन

शहर के 5 प्रमुख प्रवेश द्वारों पर यातायात पुलिस का विशेष पहरा रहेगा। बाहरी वाहनों को पुराने शहर में प्रवेश करने से पहले ही डायवर्ट किया जाएगा। आपातकालीन वाहनों (एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड) के लिए मार्ग पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों और आयोजकों पर कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन की नागरिकों से अपील

एसपी अंकिता शर्मा ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि विसर्जन के दौरान कीमती आभूषण व भारी नकदी साथ न लाएं। भीड़ में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 94791 92199 पर दें। अफवाहों से बचें और विसर्जन को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।