डोंगरगढ़। फेसबुक पर दोस्ती कर शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोशन सोमुनिया (32 वर्ष), पिता महेश सोमुनिया, निवासी गोकुल नगर, बल्लारपुर (जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र) है।
फेसबुक पर हुई थी पहचान, होटल में ठहराया
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में आरोपी रोशन सोमुनिया से उसकी बातचीत फेसबुक के माध्यम से शुरू हुई थी। आरोपी ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जिसे पीड़िता ने स्वीकार कर लिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर पीड़िता तैयार हो गई।
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को डोंगरगढ़ बुलाया। 30 नवंबर 2025 को दोनों की मुलाकात हुई और वे रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल अशोका लॉज तथा बाद में होटल सागर पैलेस में लगभग तीन दिनों तक ठहरे। शादी का वादा करने के कारण आरोपी ने इस दौरान पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शादी से किया इंकार तो पहुंची पुलिस के पास
डोंगरगढ़ से लौटने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत होती रही। आरोपी ने पीड़िता के परिजनों को भी अपने परिवार के साथ आकर शादी की बात करने का भरोसा दिया। हालांकि, 20 अप्रैल 2026 को आरोपी ने अचानक फोन कर शादी करने से साफ इंकार कर दिया और पीड़िता को दूसरी जगह शादी करने की बात कही।
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी सुमन जायसवाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। विवेचक उप निरीक्षक गीतांजलि सिन्हा ने आरोपी रोशन सोमुनिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
