महिला से छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, तुमड़ीबोड़ पुलिस ने भेजा जेल

Share This :

राजनांदगांव। पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की टीम ने महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने वाले एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के दिशा-निर्देश में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अकेलेपन का फायदा उठाकर की बदसलूकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 25 सितंबर 2026 को तुमड़ीबोड़ चौकी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी धनेन्द्र बागसवार (19 वर्ष), निवासी ग्राम बेलगांव (थाना डोंगरगढ़) से उनका पारिवारिक परिचय होने के कारण एक-दूसरे के घर आना-जाना था।

20 सितंबर को पीड़िता अपने बच्चे के साथ अपना सामान लेने आरोपी के घर गई थी। उस दौरान घर में अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने दरवाजा बंद कर लिया और महिला के साथ अनैतिक मांग करते हुए छेड़छाड़ की। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने किसी को बताने पर उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया फरार आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में आरोपी के खिलाफ धारा 74, 75, 127(2) और 351(3) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।

पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही पतासाजी के बीच रविवार, 27 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर आरोपी धनेन्द्र बागसवार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, मिथुन वर्मा एवं पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।