सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का सपना साकार : पीएम आवास योजना से दुकालू निषाद को मिला पक्का घर

Share This :

राजनांदगांव। केंद्र सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ से जिले के जरूरतमंद और गरीब परिवारों का अपने पक्के मकान का सपना लगातार साकार हो रहा है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को न केवल सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल रहा है, बल्कि उनका जीवनस्तर भी बेहतर हो रहा है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम नवागांव निवासी दुकालू निषाद के लिए यह योजना खुशियों की सौगात लेकर आई है।

दुकालू निषाद ने बताया कि पक्का मकान बनने से पहले उनका परिवार एक बेहद जर्जर और कच्ची झोपड़ी में रहने को मजबूर था। मानसून के दौरान बारिश का पानी घर के भीतर भर जाता था, जिससे परिवार को रातें जागकर बितानी पड़ती थीं। इसके अलावा कच्ची झोपड़ी में हमेशा सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा मंडराता रहता था। आर्थिक तंगी के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए एक सपने जैसा था।

1.20 लाख की सहायता और मनरेगा से मिला रोजगार
वर्ष 2025-26 में दुकालू निषाद का चयन प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत हुआ। योजना के तहत उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता राशि स्वीकृत हुई। इसके साथ ही मकान निर्माण के दौरान मनरेगा के माध्यम से 90 दिनों की मजदूरी का लाभ भी मिला, जिससे निर्माण कार्य के साथ-साथ परिवार को आर्थिक सहारा भी प्राप्त हुआ।

डर से मिली मुक्ति, चेहरे पर लौटी मुस्कान
इसके पूर्व शासन द्वारा उन्हें शौचालय निर्माण के लिए भी सहायता राशि दी गई थी। सभी शासकीय योजनाओं का समुचित लाभ उठाकर दुकालू ने अपना सुंदर और मजबूत पक्का घर तैयार कर लिया है। आज उनका परिवार बारिश की सीलन, टपकती छत और विषैले जीवों के खौफ से मुक्त होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी रहा है।