नशामुक्त युवा अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रम

Share This :

राजनांदगांव। 100 हफ्तों के नशामुक्त युवा अभियान के तहत माई भारत राजनांदगांव की ओर से जिला चिकित्सालय में ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ व नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में शामिल युवाओं के रक्तचाप, ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) सहित अन्य आवश्यक शारीरिक मानकों की नि:शुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद विशेषज्ञों ने युवाओं को स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित खान-पान और उचित जीवनशैली के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया।

विशेषज्ञों ने दिए स्वास्थ्य संबंधी सुझाव

स्वास्थ्य जांच के बाद आयोजित मार्गदर्शन सत्र में युवाओं के सर्वांगीण विकास, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने शारीरिक तंदुरुस्ती और बेहतर कार्यक्षमता के लिए नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा उचित खान-पान की जानकारी दी।

जिला सलाहकार एनसीडी डॉ. विकास राठौर ने असंचारी रोगों से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जानकारी दी। मानसिक स्वास्थ्य विभाग की साइकोलॉजिस्ट प्रिया सिंह ने तनाव प्रबंधन और नशे से दूर रहने के मनोवैज्ञानिक उपाय बताए। तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की सामाजिक कार्यकर्ता गीतू साहू ने तंबाकू के दुष्प्रभाव और उससे मुक्ति के उपायों की जानकारी दी। मानसिक स्वास्थ्य विभाग की सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रूपा मानकर ने बेहतर पोषण और दैनिक स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े सुझाव दिए।

नशे के खिलाफ जागरूकता का संकल्प

उप संचालक समाज कल्याण वैशाली मरडवार ने कहा कि स्वस्थ और व्यसनमुक्त युवा समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त रहने तथा अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी माई भारत शुभजीत डे के मार्गदर्शन में किया गया। संचालन एवं समन्वय में माई भारत स्वयंसेवक दिनेश्वर साहू, आकाश तिवारी, गौरव यादव, चैतन्य साहू, डोमेंद्र निषाद सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।