राजनांदगांव। शहर में भव्य गणेश विसर्जन झांकी समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पुलिस की सख्त घेराबंदी, त्वरित वैधानिक कार्रवाई और चौतरफा चौकसी के चलते पूरा आयोजन निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में विसर्जन झांकी के दौरान असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों पर पैनी नजर रखी गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने घातक हथियार लहराने वाले संदिग्धों के खिलाफ तत्काल आर्म्स एक्ट के 8 अलग-अलग मामले दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की मंशा रखने वाले 11 संदिग्धों के खिलाफ 9 प्रतिबंधात्मक प्रकरणों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई।
भीड़ में अनहोनी टालने 1,000 से ज्यादा लोगों के कड़े उतरवाए
झांकी देखने के लिए राजनांदगांव जिले के अलावा पड़ोसी जिलों और राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। विशाल जनसमूह की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एक अनूठी और एहतियाती पहल की। भीड़भाड़ के दौरान आपसी विवाद या भगदड़ जैसी स्थिति में किसी को चोट न पहुंचे, इसके लिए पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए 1,000 से अधिक संदिग्ध व युवाओं के हाथों में पहने लोहे व धातु के भारी कड़े उतरवाए।
चाकूबाजों को दबोचने वाले पुलिस जवानों को नकद पुरस्कार
सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूमने वाले असमाजिक तत्वों को दबोचने और आर्म्स एक्ट के मामलों में उत्कृष्ट कार्रवाई करने वाले जांबाज पुलिस जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने प्रत्येक जवान को 500-500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। एसपी ने जवानों के कर्तव्यनिष्ठा और सजगता की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी मुस्तैदी से काम करने के लिए प्रेरित किया।
सड़क से लेकर कंट्रोल रूम तक पुलिस बल की लगातार मुस्तैदी और कड़ी निगरानी के चलते विसर्जन झांकी का यह विशाल पर्व पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसकी आम नागरिकों और श्रद्धालुओं ने सराहना की है।
