राजनांदगांव। शहर में असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और सार्वजनिक स्थलों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गठुला रोड श्लोका कॉलोनी के पास राहगीरों को चाकू लहराकर डराने-धमकाने वाले एक आदतन बदमाश को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार, 29 सितंबर को सूचना मिली थी कि श्लोका कॉलोनी के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है और इलाके में दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद
पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन डोंगरे (19 वर्ष) पिता दीपक डोंगरे, निवासी दानेन्द्र किराना दुकान के पास, वार्ड नं. 09 शंकरपुर, चौकी चिखली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अभियान के तहत हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में चिखली चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, पीएसआई दुर्गेश धुरंधर, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी एवं चिखली चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
