पुरानी रंजिश को लेकर महिला और बच्चों को चाकू दिखाकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share This :

डोंगरगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुरानी बातों को लेकर एक युवक ने महिला और उसके मासूम बच्चों को सरेआम चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

मोहड़ चौक के पास की थी डराने की कोशिश
थाना डोंगरगांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जंगल करेठी निवासी प्रार्थिया हुमन बाई साहू ने 9 अक्टूबर 2026 को थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव का ही रहने वाला डिगेश्वर साहू पुरानी बातों को लेकर आए दिन उनके साथ गाली-गलौज और विवाद करता है।

घटना दिवस (9 अक्टूबर) को मोहड़ चौक के पास आरोपी डिगेश्वर साहू ने प्रार्थिया और उसके बच्चों को रोककर अश्लील गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने पास रखे चाकू को निकालकर लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया था।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की रिपोर्ट पर डोंगरगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 319/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में महिलाओं एवं नाबालिग बच्चों के विरुद्ध घटित अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी डिगेश्वर साहू (पिता भारत लाल साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जंगल करेठी, थाना डोंगरगांव) को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी डोंगरगांव निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप-निरीक्षक सागर सिंह राजपूत और सहायक उप-निरीक्षक मो. शरीफुद्दीन शेख की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।