गौरी नगर में गोवंश का कटा सिर मिलने से आक्रोश, एसपी को सौंपा ज्ञापन

Share This :

राजनांदगांव। शहर के गौरी नगर क्षेत्र में तालाब के पास गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने की घटना को लेकर हिंदू जागरण मंच ने नाराजगी जताई है। संगठन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवंश के प्रति लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में गौरी नगर तालाब के पास हुई घटना गंभीर और चिंताजनक है। इससे नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू करने और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।

मंच ने पुलिस प्रशासन से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने, आवश्यक साक्ष्य जुटाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसका पता लगाया जाना जरूरी है। जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

संगठन ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही नागरिकों से अफवाहों और अपुष्ट जानकारियों पर ध्यान नहीं देने तथा जांच में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

हिंदू जागरण मंच ने कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। यदि जांच और कार्रवाई में लापरवाही बरती गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

मंच ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था और सूचना तंत्र मजबूत करने की मांग भी की है। संगठन ने प्रशासन से जांच में सामने आने वाले तथ्यों की जानकारी सार्वजनिक करने और नागरिकों का विश्वास बनाए रखने की अपील की है।

हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि संगठन गोवंश के सम्मान, सामाजिक सद्भाव और कानून के पालन के पक्ष में है। उन्होंने घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी रखने वाले नागरिकों से पुलिस प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।