डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर जुटे राज्यपाल रमेन डेका और प्रदेश के मंत्रीगण
जुबिन नौटियाल की संगीतमय प्रस्तुति ने बांधा समां

राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स)। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस पर शहर में आस्था, भक्ति और संगीत का भव्य संगम देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में लगभग 50 हजार लोगों ने एक साथ भागीदारी निभाई। आयोजकों के अनुसार, इस सामूहिक पाठ को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। राज्यपाल रमेन डेका, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में नागरिक इस आयोजन के साक्षी बने।
हजारों श्रद्धालुओं की एक स्वर में गूंजती हनुमान चालीसा से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप दिया। डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक उत्साह की झलक भी देखने को मिली।
जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक जुबिन नौटियाल की संगीतमय प्रस्तुति रही। उनकी सुरीली आवाज और लोकप्रिय गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के बाद संगीत की इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का रंग भर दिया। धार्मिक आयोजन और संगीत के इस संगम ने जन्मदिवस समारोह को यादगार बना दिया।
डॉ. रमन सिंह ने जताया जनता का आभार
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ को मिली ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे राजनांदगांव की जनता की सामूहिक श्रद्धा, एकजुटता और सहभागिता का परिणाम बताया। उन्होंने आयोजन में शामिल नागरिकों, आयोजकों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की जनता ने जिस प्रेम, स्नेह और आत्मीयता के साथ इस आयोजन में भाग लिया, वह उनके लिए भावुक और अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका, कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं तथा समस्त राजनांदगांववासियों का हृदय से धन्यवाद किया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस तरह डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और जुबिन नौटियाल की संगीतमय प्रस्तुति ने राजनांदगांव में धार्मिक आस्था, जनभागीदारी और सांस्कृतिक उत्सव का एक यादगार दृश्य प्रस्तुत किया।
