राजनांदगांव। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व विजयादशमी के अवसर पर इस वर्ष भी शहर के म्युनिसिपल स्कूल मैदान में ऐतिहासिक और भव्य आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस 19वें शानदार महाउत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम में दिल्ली की प्रसिद्ध प्लेबैक और भक्ति गायिका स्वस्तिमेहुल जैन अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांधेगी।
समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने जानकारी दी कि इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय और महापौर मधुसूदन यादव उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के तौर पर श्री अभिषेक सिंह, श्री अशोक शर्मा और श्री खूबचंद पारख भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण दिल्ली से आ रहीं चर्चित गायिका स्वस्तिमेहुल जैन होंगी। उन्हें एक बेहतरीन प्लेबैक और भक्ति गायिका के रूप में देश भर में पहचान मिली है। उन्होंने देश का चर्चित राम भजन “राम आएंगे तो अंगना सजाउंगी”, “जय जयंति शासनम्”, “है मेरे गीत तेरे राधा” और “कृष्णा-कृष्णा मधुरम-मधुरम” जैसे लोकप्रिय भजन गाए हैं।
इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘बाला’ का मशहूर गीत “नाह गोरिये” भी गाया है, जो मिर्ची म्यूजिक अवार्ड्स 2020 में नॉमिनेट हुआ था। साथ ही वर्ष 2020 में “कैसे कहे” और 2022 में “ओ भैया” जैसे उनके गाने रिलीज हो चुके हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके भजनों को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि इस बार दर्शकों को रोमांचित करने के लिए मुंबई के पेशेवर आतिशबाजों की टीम बुलाई गई है, जो बेहद नयनाभिराम और रोमांचक आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगी। इस बार की आतिशबाजी की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही विजयादशमी महोत्सव का मुख्य आकर्षण लगभग 61 फीट ऊंचा भव्य रावण पुतला होगा।
समिति के मीडिया प्रभारी विनय बिंदल, अजय सोनी, रघु शर्मा एवं मुकेश शर्मा ने जानकारी दी कि दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिवर्षानुसार इस बार भी निःशुल्क आमंत्रण पत्र व पास वितरित किए जाएंगे। इस वर्ष मैदान में कुर्सियों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पास पर ही गेट नंबर अंकित किए गए हैं, और फैमिली पास धारकों को परिवार के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों की सुरक्षा के मद्देनजर संपूर्ण कार्यक्रम स्थल और प्रवेश द्वारों पर हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वाहन चालकों की सुविधा के लिए पुतरी शाला, पुराना अस्पताल और ओवरब्रिज के नीचे के परिसरों को पार्किंग हेतु विशेष रूप से चिन्हित किया गया है।
